रेणुका ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकमात्र टेस्ट से बाहर, काशवी उनकी जगह लेंगी

रेणुका ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकमात्र टेस्ट से बाहर, काशवी उनकी जगह लेंगी

रेणुका ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकमात्र टेस्ट से बाहर, काशवी उनकी जगह लेंगी
Modified Date: March 3, 2026 / 09:04 pm IST
Published Date: March 3, 2026 9:04 pm IST

पर्थ, तीन मार्च (भाषा) ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई भारतीय महिला टीम को मंगलवार को झटका लगा जब अनुभवी तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर काम के बोझ के प्रबंधन के कारण घरेलू टीम के खिलाफ एकमात्र टेस्ट से बाहर हो गईं।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने एक बयान में कहा कि रेणुका की जगह काशवी गौतम को चुना गया है।

सैकिया ने बयान में कहा, ‘‘टीम इंडिया की तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर पर्थ के वाका मैदान पर होने वाले एकमात्र टेस्ट से बाहर हो गई हैं जो ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम के खिलाफ चल रही कई प्रारूप की श्रृंखला का हिस्सा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘काम के बोझ के बेहतर प्रबंधन के लिए रेणुका को आराम करने की सलाह दी गई है और वह गुलाबी गेंद के टेस्ट में चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगी। बीसीसीआई की मेडिकल टीम रेणुका की फिटनेस प्रगति पर करीब से नजर रखेगी।’’

सैकिया ने कहा, ‘‘महिला चयन समिति ने काशवी गौतम को उनकी जगह चुना है। काशवी मौजूदा दौरे की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय टीम का भी हिस्सा थीं।’’

टेस्ट मैच शुक्रवार से शुरू हो रहा है।

भारत के लिए छह एकदिवसीय खेलने वाली काशवी ने तीन विकेट लिए हैं जबकि महिला प्रीमियर लीग के 18 मैच में उनके नाम 19 विकेट हैं।

भारत ने टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला 2-1 से जीती थी लेकिन तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला में उसका सूपड़ा साफ हो गया।

भाषा सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में