नाइटक्लब की घटना के मामले में स्टोक्स और एटकिंसन को जांच पैनल ने क्लीन चिट दी
नाइटक्लब की घटना के मामले में स्टोक्स और एटकिंसन को जांच पैनल ने क्लीन चिट दी
लंदन, 22 जून (एपी) इंग्लैंड के क्रिकेट कप्तान बेन स्टोक्स और उनके साथी खिलाड़ी गस एटकिंसन को सोमवार को खेल के स्वतंत्र निगरानी पैनल ने नाइटक्लब की घटना के मामले में क्लीन चिट दे दी। यह घटना इस महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम की पहले टेस्ट में जीत के बाद हुई थी।
स्टोक्स और एटकिंसन को इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) से लिखित चेतावनी मिलने के बाद बृहस्पतिवार से शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट मैच के लिए टीम में लौटना है। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से बाहर रखा गया था।
स्वतंत्र क्रिकेट नियामक ने सोमवार को कहा कि ‘दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ आगे कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।’
स्टोक्स और एटकिंसन ने पहले टेस्ट में जीत के बाद आधी रात के कर्फ्यू का उल्लंघन किया था और वे लंदन के एक नाइटक्लब में थे जब कथित तौर पर इंग्लिश क्लब सारासेन्स के एक रग्बी खिलाड़ी ने टीम के सुरक्षा अधिकारी को मारा था।
खेल के नियमों के पालन की निगरानी करने वाली क्रिकेट नियामक संस्था ने कहा कि उसने ‘सबूत इकट्ठा करने और उनका आकलन करने के लिए कई तरह से जांच की।’
एक बयान में कहा गया, ‘‘फिलहाल उपलब्ध सभी जानकारियों की सावधानीपूर्वक समीक्षा करने के बाद क्रिकेट नियामक ने यह तय किया है कि यह साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं कि नियमों का कोई उल्लंघन हुआ है।’’
भाषा सुधीर
सुधीर

Facebook


