सनराइजर्स की टीम नाइट राइडर्स की चक्रवर्ती और नारायण की स्पिन जोड़ी को लेकर सतर्क

सनराइजर्स की टीम नाइट राइडर्स की चक्रवर्ती और नारायण की स्पिन जोड़ी को लेकर सतर्क

सनराइजर्स की टीम नाइट राइडर्स की चक्रवर्ती और नारायण की स्पिन जोड़ी को लेकर सतर्क
Modified Date: April 1, 2026 / 09:35 pm IST
Published Date: April 1, 2026 9:35 pm IST

कोलकाता, एक अप्रैल (भाषा) सनराइजर्स हैदराबाद के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने कोलकाता नाइट राइडर्स की गेंदबाजी में खराब शुरुआत को अधिक तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि अनुभवी स्पिनर सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती अब भी एक बड़ा खतरा हैं और बृहस्पतिवार को यहां होने वाले आईपीएल मैच में उनके खिलाफ ‘जंग’ बहुत अहम होगी।

फरवरी में टी20 विश्व कप के दौरान दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों ने चक्रवर्ती की जमकर धुनाई की थी जिसके बाद से वह अपनी लय खो बैठे। मुंबई इंडियन्स के खिलाफ पिछले मैच में भी वह विकेट लेने में नाकाम रहे और उनकी गेंदबाजी काफी साधारण दिखी।

नारायण भी अपनी पुरानी धार हासिल नहीं कर पाए हैं। वानखेड़े स्टेडियम में इन दोनों स्पिनरों की जमकर पिटाई हुई थी जिसके चलते नाइट राइडर्स की टीम 220 रन के स्कोर का भी बचाव नहीं कर पाई और उसे शिकस्त का सामना करना पड़ा।

केकेआर की तेज गेंदबाजी भी काफी कमजोर नजर आ रही है। हर्षित राणा और आकाश दीप चोट के कारण बाहर हैं जबकि मथीशा पथिराना अब भी फिटनेस स्वीकृति का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में जब टीम अपने घरेलू मैदान पर लौट रही है तो एक बार फिर उसकी सारी उम्मीदें इन दोनों स्पिनरों पर ही टिकी होंगी।

मैच से पहले संवाददाताओं से बातचीत करते हुए विटोरी ने कहा, ‘‘नाइट राइडर्स के स्पिनरों की बात करें तो मुझे लगता है कि उनके प्रति हमारे मन में बहुत सम्मान है। उन्होंने अपनी फ्रेंचाइजी और अपने देश के लिए जो कुछ भी किया है वह काबिले तारीफ है। इसलिए भले ही पिछले मैच में उनका दिन अच्छा नहीं रहा हो हम उन्हें किसी भी हाल में हल्के में नहीं लेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने बार-बार खुद को साबित किया है, खासकर इस मैदान पर। इसलिए कल इन दोनों स्पिनरों के खिलाफ होने वाली जंग इस मैच का एक अहम पहलू होगी।’’

भाषा सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में