आरसीबी पर बड़ी जीत हासिल की, पर वे शीर्ष पर रहने के स्कोर तक पहुंचने में जुटे थे: कमिंस
आरसीबी पर बड़ी जीत हासिल की, पर वे शीर्ष पर रहने के स्कोर तक पहुंचने में जुटे थे: कमिंस
हैदराबाद, 22 मई (भाषा) सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने शुकवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में जीत के बावजूद शीर्ष दो में जगह नहीं बना पाने के बारे में कहा कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) उस स्कोर तक पहुंचने की कोशिश में जुटी थी जिससे वह पहले स्थान पर रहे।
सनराइजर्स हैदराबाद ने 55 रन से जीत हासिल की लेकिन आरसीबी को अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचने से नहीं रोक सकी।
कमिंस ने कहा, ‘‘हमने जो स्कोर बनाया, वह काफी शानदार था। मुझे लगा कि लड़कों ने बहुत बढ़िया बल्लेबाजी की और अच्छा प्रदर्शन किया। हर कोई अपनी पूरी फॉर्म में है। ’’
शीर्ष दो में जगह नहीं बना पाने के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता था कि बहुत सी चीजें हमारे पक्ष में होनी चाहिए थीं। हम काफी करीब पहुंच गए थे। मुझे लगता है कि वे यह पक्का करने की कोशिश कर रहे थे कि वे उस स्कोर तक पहुंच जाएं जहां से वे शीर्ष पर रह सकें। इसलिए हमने उनके खिलाफ कुछ अलग-अलग रणनीतियां अपनाईं, लेकिन फिर भी यह एक बड़ी जीत है। ’’
उन्होंने अपने गेंदबाजों के बारे में कहा, ‘‘वे बहुत शानदार रहे हैं। ईशान मलिंगा इस समय जबरदस्त फ़ॉर्म में हैं और वे अपनी गेंदबाज़ी में काफी विविधता ला रहे हैं। साकिब भी अच्छा कर रहे हैं। तो यह किसी भी कप्तान के लिए एक सपने जैसा है। ’’
अब सनराइजर्स एलिमिनेटर खेलेगी, इस पर उन्होंने कहा, ‘‘ इसमें अभी भी पांच-छह दिन बाकी हैं। हम कुछ दिनों तक आराम करेंगे, हमें अगले एक-दो दिनों में पता चल जाएगा कि हमारा मुकाबला किससे होगा। ’’
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम अभिषेक शर्मा (56 रन) की आक्रामक बल्लेबाजी, ईशान किशन (79 रन) के बेखौफ अंदाज और हेनरिक क्लासेन (51 रन) की ताकतवर हिटिंग की बदौलत चार विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही।
आरसीबी को शीर्ष दो में रहने के लिए 166 रन का स्कोर बनाना था और 178 रन से ज्यादा रन का स्कोर बनाने से उसका शीर्ष स्थान तय था।
कप्तान रजत पाटीदार (56 रन) और कृणाल पंड्या (नाबाद 41) के बीच चौथे विकेट के लिए 58 गेंद में 84 रन की भागीदारी से आरसीबी ने 20 ओवर में चार विकेट पर 200 रन बनाकर हारने के बावजूद पहला स्थान सुनिश्चित किया।
आरसीबी (प्लस 0.783), गुजरात टाइटन्स (प्लस 0.695) और सनराइजर्स हैदराबाद (प्लस 0.524) के 18-18 अंक हैं लेकिन नेट रन रेट से क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।
अब पहले क्वालीफायर में आरसीबी का सामना 26 मई को धर्मशाला में गुजरात टाइटनस से होगा। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद 27 मई को एलिमिनेटर में खेलेगी।
भाषा नमिता
नमिता

Facebook


