आप नीलामी से टूर्नामेंट नहीं जीतते, लेकिन शायद हार जरूर सकते हैं: मो बोबाट
आप नीलामी से टूर्नामेंट नहीं जीतते, लेकिन शायद हार जरूर सकते हैं: मो बोबाट
मुंबई, एक जून (भाषा) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के क्रिकेट निदेशक मो बोबाट का कहना है कि फ्रेंचाइजी सिर्फ नीलामी के दम पर कोई टूर्नामेंट नहीं जीत सकती, लेकिन हार जरूर सकती है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि टीम प्रबंधन को उस ग्रुप पर पूरा भरोसा था जिसे उन्होंने पिछली इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की मेगा नीलामी में चुना था।
आरसीबी ने रविवार को अहमदाबाद में एक बार फिर खिताब जीतकर अपनी नीलामी की पसंद को सही साबित कर दिया। उन्होंने आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटन्स को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। पिछले साल ही उन्होंने 18 साल का सूखा खत्म किया था।
सोमवार को फ्रेंचाइजी द्वारा आयोजित एक वर्चुअल प्रेस कांफ्रेंस में बोबाट ने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि आप नीलामी से कोई प्रतियोगिता जीत सकते हैं या नहीं। मुझे लगता है कि आप शायद नीलामी से हार जरूर सकते हैं। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘एक बार जब आप अपनी पहली मेगा नीलामी पूरी कर लेते हैं, तो उन चीजो को बदलना काफ़ी मुश्किल होता है जिनका आपको बाद में या तो अफसोस होता है। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘और फिर, अगले साल में आपको सिर्फ मिनी नीलामी से ही काम चलाना पड़ता है और मिनी नीलामी वाले साल में चीजें काफी मुश्किल हो जाती हैं। ’’
बोबाट ने याद दिलाया कि जब पिछली मेगा नीलामी में टीमों के प्रदर्शन के आधार पर उनकी रैंकिंग की गई थी तो आरसीबी सबसे नीचे के पायदान पर थी। पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का साफ अंदाजा था कि वे किस तरह की टीम बना रहे हैं।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द

Facebook


