विधानसभा में गूंजा फसल बीमा का मामला, बृजमोहन ने कहा- कंपनी की बैलेंस शीट हम नहीं देखते

Ads

विधानसभा में गूंजा फसल बीमा का मामला, बृजमोहन ने कहा- कंपनी की बैलेंस शीट हम नहीं देखते

  •  
  • Publish Date - July 5, 2018 / 07:01 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:26 PM IST

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में गुरुवार को फसल बीमा का मामला उठा। कांग्रेस के भोलाराम साहू ने खुज्जी क्षेत्र में कृषकों की फसल बीमा नहीं मिलने का मामला उठाते हुए पूछा कि बहुत से किसानों के अपात्र होने का क्या कारण है, बहुत से किसानों के खाते में पैसे नहीं आए है। जवाब में कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि सभी किसानों को नुकसान से अनुसार भुगतान किया जा रहा है।

चर्चा में शामिल होते हुए नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने कहा कि किसानों से प्रीमियम की राशि अधिक ली जा रही है। उन्होंने पूछा कि क्या निजी कंपनी को साढ़े 13 करोड़ रुपए का फायदा हुआ है। इफको टोक्यो ने अभी कई करोड़ की बीमा के एवज में राशि किसानों को नहीं दी है? उन्होंने पूछा कि क्या इस पर कार्रवाई होगी?

यह भी पढ़ें : विधानसभा में छिड़ी तांत्रिक बाबा पर बहस, कांग्रेस का आरोप- सरकार अब बाबा और तांत्रिकों के भरोसे

इस पर कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हम कंपनी की बैलेंस शीट नहीं देखते। किसानों ने 129 करोड़ का प्रीमियम पटाया था। उसके एवज में 1294 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। मंत्री ने कहा कि यदि बीमा कंपनी की ओर से भुगतान में लापरवाही बरती गई तो कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर कंपनी को ब्लैक लिस्ट भी किया जाएगा।

वहीं कांग्रेस के दीपक बैज ने चित्रकोट विस क्षेत्र अंतर्गत जल संसाधन विभाग के बजट में शामिल कार्यो की जानकारी मांगी। आरके रॉय ने बालोद के स्कूलों में अहाता निर्माण में स्वीकृति के बारे में सवाल किया। बसपा के केशव चंद्रा ने जैजैपुर के अंतर्गत नहर निर्माण के अधूरे कामों की जानकारी मांगी। मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने जवाब दिया कि जैजैपुर के अंर्तगत 165 ग्राम सिंचित श्रेणी में आते हैं। जिसमें से 5 ग्रामों में सिंचाई के लिए पानी नहीं पहुंच रहा है। 4 नहर के काम अधूरे हैं, जिसे दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।

वेब डेस्क, IBC24