छत्तीसगढ़ में यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त, 16 घायल

छत्तीसगढ़ में यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त, 16 घायल

छत्तीसगढ़ में यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त, 16 घायल
Modified Date: November 29, 2022 / 07:58 pm IST
Published Date: May 18, 2021 7:22 am IST

रायपुर, 18 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार 16 यात्री घायल हो गए हैं। इनमें से चार की हालत गंभीर बताई जाती है।

सरगुजा जिले के पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुमगा गांव के करीब बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार 16 यात्री घायल हो गए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि एक यात्री बस 32 यात्रियों को लेकर राजधानी रायपुर से पड़ोसी राज्य झारखंड के गढ़वा के लिए रवाना हुई थी। तड़के चार बजे जब बस गुमगा गांव के करीब थी तभी बस चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सड़क के किनारे गड्डे में गिर गई।

उन्होंने बताया कि पुलिस को जब घटना की जानकारी मिली तब घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया और घायलों को अस्पताल भेजा गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 16 घायलों को पहले उदयपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बाद में गंभीर रूप से घायल चार यात्रियों को जिला अस्पताल भेजा गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर यात्रियों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था की तथा अन्य वाहन से यात्रियों को वहां से रवाना किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

भाषा संजीव

मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में