छत्तीसगढ़ में गुलाबी सर्दी, सबसे ज्यादा ठंड अंबिकापुर में
छत्तीसगढ़ में गुलाबी सर्दी, सबसे ज्यादा ठंड अंबिकापुर में
रायपुर। उत्तर भारत और मध्य भारत में भी कुछ स्थानों पर दिसंबर की दस्तक के साथ ही सर्दी बढ़ गई है और धीरे-धीरे इसका असर छत्तीसगढ़ में भी देखा जा रहा है। सुबह के तापमान में थोड़ी गिरावट, दिन में धूप और रात में गुलाबी सर्दी के इस बदलते मौसम के कारण कई लोगों को सर्दी, जुकाम की शिकायत भी हो रही है। सुबह और देर शाम बाइक से सफर करने वालों ने अपने स्वेटर, जैकेट भी निकाल लिया है। साथ ही छोटे बच्चों और बुजुर्गों के भी गर्म कपड़े निकल आए हैं।
छत्तीसगढ़ में वैसे तो ठंड शबाब पर नहीं आ पाई है, लेकिन न्यूनतम तापमान में कुछ जगहों पर गिरावट दर्ज की जाने लगी है। अंबिकापुर में 10.4 डिग्री, पेंड्रारोड में 11 डिग्री और दुर्ग में तापमान 11.8 दर्ज किया गया है, जो सामान्य तापमान से 4 से लेकर 5 डिग्री तक कम है। सामान्य तापमान के हिसाब से राज्य में सबसे ज्यादा सर्दी अंबिकापुर में ही है।
राजधानी रायपुर की बात करें तो यहां गुरुवार को न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। दो-तीन दिन पहले नमी बढ़ने से ऐसे संकेत मिल रहे थे कि रायपुर में भी सर्दी बढ़ सकती है, लेकिन गुरुवार को हवा की दिशा उत्तर से बदलकर उत्तर-पूर्वी हो गई, जिसके कारण तापमान 15 डिग्री से ऊपर जा चढ़ा। सुबह के वक्त वातावरण में नमी की मात्रा 68 फीसदी थी, लेकिन शाम तक ये 34 डिग्री तक जा पहुंची, जिसके कारण रात का तापमान सामान्य से ज्यादा रहा और सर्दी नहीं बढ़ी। वैसे मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट के आसार नहीं हैं, जो छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए राहत की ख़बर है।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


