उप्र विधानसभा के विशेष सत्र से पहले विपक्ष के खिलाफ भाजपा की महिला विधायकों का प्रदर्शन

उप्र विधानसभा के विशेष सत्र से पहले विपक्ष के खिलाफ भाजपा की महिला विधायकों का प्रदर्शन

उप्र विधानसभा के विशेष सत्र से पहले विपक्ष के खिलाफ भाजपा की महिला विधायकों का प्रदर्शन
Modified Date: April 30, 2026 / 11:50 am IST
Published Date: April 30, 2026 11:50 am IST

लखनऊ, 30 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश विधानसभा के एकदिवसीय विशेष सत्र से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला विधायकों ने हाल में महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन अधिनियम लोकसभा में पारित नहीं हो पाने के विरोध में विपक्ष को घेरते हुए विधान भवन परिसर में प्रदर्शन किया।

समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्यों द्वारा महिला आरक्षण के नाम पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए विधान भवन स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किए जाने के बाद भाजपा की महिला विधायकों ने भी इसी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया।

हाथों में ‘मातृशक्ति का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ के बैनर लिए प्रदर्शन कर रहीं भाजपा सदस्यों ने बैनर लेकर ही विधान भवन के मंडप में प्रवेश किया।

प्रदर्शन में शामिल प्रदेश की महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य ने इस मौके पर संवाददाताओं से कहा कि सपा और कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण का विरोध किया है जिसका उन्हें खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘इस मुद्दे पर हम सभी महिलाएं साथ हैं और हम अपने आरक्षण को लेकर रहेंगे।’’

भाजपा विधायक केतकी सिंह ने कहा कि यह प्रदेश की करोड़ों महिलाओं का आक्रोश है जो विधानसभा में दिख रहा है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष ने महिला आरक्षण में बाधा उत्पन्न करके महिलाओं को धोखा दिया है और यह प्रदर्शन तो शुरुआत है, जल्द हर गली, हर चौराहे और हर घर की महिला इस विरोध प्रदर्शन में भाग लेगी।

राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने कहा, ‘‘नारी शक्ति को सशक्त और मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विधेयक लेकर आए थे और उसे पारित कराने की कोशिश कर रहे थे लेकिन समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने आधी आबादी को रोकने का जो घृणित कार्य किया है उसकी हम भर्त्सना करते हैं।’’

उत्तर प्रदेश विधानसभा का एकदिवसीय विशेष सत्र आज आयोजित किया जाएगा जिसमें सरकार इस सत्र में महिला आरक्षण संशोधन विधेयक के लोकसभा में पारित न होने के लिए विपक्षी दलों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाएगी। इसका उद्देश्य 2027 चुनाव से पहले विपक्ष को महिला विरोधी के रूप में घेरना है। वहीं, विपक्ष इसका पुरजोर विरोध कर रहा है।

भाषा आनन्द सलीम सुरभि

सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में