बरेली : प्रतिबंधित चीनी मांझे की बिक्री और भंडारण के आरोप में 13 लोग गिरफ्तार
बरेली : प्रतिबंधित चीनी मांझे की बिक्री और भंडारण के आरोप में 13 लोग गिरफ्तार
बरेली (उप्र), छह फरवरी (भाषा) बरेली जिला प्रशासन द्वारा प्रतिबंधित चीनी मांझे की बिक्री और भंडारण के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत अबतक 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि जिले में नायलॉन और कांच की परत वाले चीनी मांझे के निर्माण, भंडारण और बिक्री को रोकने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रशासनिक और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई हैं। शहर में तीन टीमें काम कर रही हैं, जबकि ग्रामीण इलाकों में अलग-अलग टीम तैनात की गई हैं।’’
पुलिस ने बताया कि पिछले 20 दिनों में चीनी मांझा की बिक्री और भंडारण के आरोप में आठ मामले दर्ज किए गए हैं और 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कहा कि अवैध चीनी मांझे के खिलाफ 15 जनवरी से विशेष अभियान चल रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘सभी पुलिस क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में टीम 11 फरवरी तक लगातार जांच और छापेमारी कर रही हैं। पुलिस थानों में में मांझा बनाने वालों के साथ बैठकें भी की गई हैं।’’
जिलाधिकारी ने चीनी मांझे के निर्माण, भंडारण या बिक्री के बारे में सही जानकारी देने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए इनाम की घोषणा की। उन्होंने सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन दिया है। जिलाधिकारी ने लोगों से जानमाल के नुकसान को रोकने के लिए अधिकारियों के साथ सहयोग करने की अपील की है।
भाषा सं जफर धीरज
धीरज

Facebook


