भाजपा सरकार को ‘एआई इंपैक्ट समिट’ से कुछ भी हासिल नहीं हुआ : अखिलेश यादव

भाजपा सरकार को ‘एआई इंपैक्ट समिट’ से कुछ भी हासिल नहीं हुआ : अखिलेश यादव

भाजपा सरकार को ‘एआई इंपैक्ट समिट’ से कुछ भी हासिल नहीं हुआ : अखिलेश यादव
Modified Date: February 21, 2026 / 10:25 pm IST
Published Date: February 21, 2026 10:25 pm IST

लखनऊ, 21 फरवरी (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्‍यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने दिल्‍ली में आयोजित ‘एआई इंपैक्ट समिट’ पर तंज कसते हुए शनिवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को इस सम्मेलन से कुछ भी हासिल नहीं हुआ है।

सपा मुख्‍यालय से जारी एक बयान के अनुसार, अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘भाजपाई एआई समिट से हुई जग हंसाई, दुनिया भर से मिली बुराई ही बुराई।’’

यादव ने कहा, ‘‘अब भाजपा के लोग बहाना बनाएंगे कि ये उनका मास्टर स्ट्रोक था, जिसमें दुनिया भर को दिखा दिया गया कि हमारे यहां यातायात जाम, बेतरतीब पार्किंग, जन सुविधाओं व सुरक्षा का अभाव, चोरी, एक्यूआई और बदइंतज़ामी जैसी अनगिनत समस्याएं ही समस्याएं हैं, जिनके लिए एआई प्रौद्योगिकी कारगर साबित हो सकती है।’’

सपा प्रमुख ने कहा कि दरअसल भाजपा सरकार को ‘एआई इंपैक्ट समिट’ से कुछ भी हासिल नहीं हुआ है।

उन्‍होंने कहा कि जिस कृत्रिम मेधा (एआई) को हर समस्या का समाधान माना जा रहा है, भाजपा राज में एआई की समिट ही भाजपा की समस्या बन गयी है।

यादव ने कहा कि जब एआई समिट में दुनिया भर के प्रतिनिधि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री आये हों तब चीन के बने रोबोट को अपना बनाया हुआ नहीं बताना चाहिए था।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने गलती की और देश को अपमानित होना पड़ा।

भाषा आनन्‍द शफीक

शफीक


लेखक के बारे में