भाजपा मन की बात तो करती है लेकिन जनसमस्याओं पर ध्यान नहीं देती : शिवपाल यादव

भाजपा मन की बात तो करती है लेकिन जनसमस्याओं पर ध्यान नहीं देती : शिवपाल यादव

भाजपा मन की बात तो करती है लेकिन जनसमस्याओं पर ध्यान नहीं देती : शिवपाल यादव
Modified Date: June 9, 2026 / 04:17 pm IST
Published Date: June 9, 2026 4:17 pm IST

इटावा (उप्र), नौ जून (भाषा) समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि वह मन की बात तो करती है लेकिन जन समस्याओं पर ध्यान नहीं देती।

उन्होंने भाजपा पर जनता की शिकायतों को नजरअंदाज करने और किसानों, छात्रों और बेरोजगार युवाओं की चिंताओं को दूर करने में विफल रहने का आरोप लगाया।

यादव ने इटावा के जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला से मुलाकात की और अपने गृह जिले और विधानसभा क्षेत्र से संबंधित विभिन्न नागरिक तथा विकासात्मक मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने इसी के साथ जनता की शिकायतों के शीघ्र समाधान की मांग की।

यादव ने जिलाधिकारी से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा कि भाजपा मन की बात तो करती है लेकिन आम लोगों की समस्याओं पर ध्यान नहीं देती।

उन्होंने आरोप लगाया,‘‘भाजपा ‘मन की बात’ के बारे में बात करती है, लेकिन वह लोगों के सामने आने वाले मुद्दों पर चर्चा या समाधान नहीं करती है। भाजपा सरकार के तहत गरीबों और वंचितों की सुनने वाला कोई नहीं है।’’

छात्रों और नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों का जिक्र करते हुए सपा नेता ने दावा किया कि भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने से युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘विभिन्न परीक्षाओं में प्रश्न पत्र लगातार लीक हो रहे हैं। इसका असर छात्रों और युवाओं के भविष्य पर पड़ रहा है। बेरोजगारी बढ़ रही है और नौकरी चाहने वालों में निराशा बढ़ रही है, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर ध्यान नहीं दे रही है।’’

किसानों के बारे में चिंता जताते हुए यादव ने कहा कि धान की बुआई शुरू हो गई है लेकिन सिंचाई सुविधाओं की कमी के कारण किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है। नहरों में पानी नहीं है और ट्यूबवेल चलाने के लिए बिजली उपलब्ध नहीं है। यहां तक कि गांवों को भी पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं की जा रही है।’’

किसी भी नेता का नाम लिए बिना, यादव ने भाजपा के सहयोगियों और नेताओं पर भी कटाक्ष किया, जिन्होंने पहले भविष्यवाणी की थी कि समाजवादी पार्टी (सपा)सैफई तक ही सीमित रहेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘जो लोग कहते थे कि सपा सैफई तक ही सीमित रहेगी, वे 2027 में राज्य विधानसभा में नहीं पहुंच पाएंगे।’’

सपा नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा समाज में विभाजन पैदा करने के लिए काम कर रही है और विपक्षी नेताओं के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा नफरत फैलाती है और विभाजनकारी मानसिकता के साथ काम करती है। वह विपक्षी नेताओं को परेशान करने के लिए ईडी (प्रवर्तन निदेशालय), सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) और आयकर विभाग जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल करती है।’’

भाषा सं जफर

धीरज

धीरज


लेखक के बारे में