मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सपा प्रमुख अखिलेश समेत कई तमाम नेताओं ने महाशिवरात्रि की शुभकामना दी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सपा प्रमुख अखिलेश समेत कई तमाम नेताओं ने महाशिवरात्रि की शुभकामना दी
लखनऊ, 15 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई प्रमुख नेताओं ने रविवार को राज्य के लोगों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।
योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘देवाधिदेव महादेव की उपासना को समर्पित महाशिवरात्रि के पावन स्नान पर्व पर आज तीर्थराज प्रयाग की त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाने हेतु पधारे सभी पूज्य साधु-संतों, धर्माचार्यों, कल्पवास के लिए पधारे साधकों एवं श्रद्धालुओं का हार्दिक अभिनंदन।’’
उन्होंने कहा, ‘‘देवाधिदेव महादेव एवं पुण्य प्रदायिनी मां गंगा की कृपा सभी भक्तों पर बनी रहे, साधकों की साधना एवं श्रद्धालुओं के मनोरथ पूर्ण हों, यही प्रार्थना है। हर हर महादेव।’’
अपने गृह नगर गोरखपुर के दौरे पर पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में विधि विधान से रुद्राभिषेक कर लोक कल्याण की कामना की।
गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में संस्कृत के एक श्लोक के साथ कहा, ‘‘संयम, साधना और शिवत्व की कल्याणकारी चेतना से आलोकित महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आज गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से रुद्राभिषेक कर मानवता के कल्याण हेतु प्रार्थना की। हर हर महादेव।’’
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘भगवान भोलेनाथ की आराधना के पावन पर्व महाशिवरात्रि की समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। देवाधिदेव महादेव के आशीर्वाद से यह पावन पर्व आपके जीवन में सकारात्मकता और आत्मिक आभा लेकर आए, यही कामना है।’’
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘आज महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर आप सभी देश व प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उप्र इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आप सभी को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं।’’
उन्होंने पोस्ट में कहा, ‘‘महाशिवरात्रि का यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में सकारात्मकता और ढेरों खुशियां लाए, देवाधिदेव महादेव से यही मंगलकामना है। हर हर महादेव।’’
सपा अध्यक्ष एवं उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में इटावा के केदारेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों द्वारा पूजा-अर्चना का एक वीडियो साझा करते हुए कहा, ‘‘यहां बसता है विश्वास, बरसता है आशीर्वाद…‘सर्व मंगल-सर्व कल्याण’ की कामनाओं के साथ महाशिवरात्रि की महा-शुभकामनाएं।’’
कांग्रेस पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष व पूर्व राज्य मंत्री अजय राय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘समस्त देशवासियों को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं। देवाधिदेव महादेव, सत्य स्वरूप भगवान शिव सबका कल्याण करें। हर हर महादेव।’’
भाषा आनन्द
खारी
खारी

Facebook


