गोरखपुर में बच्चे का अपहरण, पुलिस ने 45 मिनट के अंदर कराया मुक्त

गोरखपुर में बच्चे का अपहरण, पुलिस ने 45 मिनट के अंदर कराया मुक्त

गोरखपुर में बच्चे का अपहरण, पुलिस ने 45 मिनट के अंदर कराया मुक्त
Modified Date: April 26, 2026 / 09:47 pm IST
Published Date: April 26, 2026 9:47 pm IST

गोरखपुर (उप्र), 26 अप्रैल (भाषा) गोरखपुर के गगहा इलाके में कुछ बदमाशों ने कथित रूप से एक तेज रफ़्तार कार से एक महिला को टक्कर मारने के बाद उसके डेढ़ साल के बच्चे का अपहरण कर लिया। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि शनिवार को इस घटना के 45 मिनट के अंदर उसे सुरक्षित मुक्त करा लिया गया एवं दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में ले लिया गया।

सूत्रों के अनुसार गजपुर गांव के राम आशीष यादव की पत्नी सुमन अपने बीमार बेटे अयांश के लिए दवा लेने पास के चौराहे पर गई थी तथा जब दोनों घर लौट रहे थे तब एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी जिससे वे सड़क पर गिर गए।

उन्होंने बताया कि इसी बीच, कार के अंदर बैठे दो लोगों ने कथित तौर पर बच्चे को उठा लिया और घायल मां की पुकार अनसुनी कर फरार हो गये।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाला जिससे गाड़ी की पंजीयन संख्या और सौहडौरा चौकी की तरफ उसके जाने का पता चला। उन्होंने कहा कि इसके बाद पूरे शहर में अलर्ट जारी कर दिया गया और ‘बैरिकेडिंग’ लगा दी गयी।

सूत्रों ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सौहडौरा इलाके में गाड़ी को रोक लिया। उन्होंने बताया कि खुद को घिरा देखकर कार चालक भाग गया लेकिन बच्चा कार के अंदर मिल गया और उसे सुरक्षित बचा लिया गया।

सूत्रों ने बताया कि बच्चे की घायल मां को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने गाड़ी जब्त कर ली है और दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा, ”सीसीटीवी फ़ुटेज, मोबाइल लोकेशन और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर मामले को जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। फ़रार चालक को भी जल्द ही गिरफ़्तार कर लिया जाएगा।”

पुरी ने बताया कि अपहरण के कारणों की जांच की जा रही है।

भाषा सं. सलीम राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में