बागपत, तीन मई (भाषा) केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने रविवार को कहा कि कांग्रेस नेताओं को एथेनॉल नीति पर बयान देने से पहले गांवों में जाकर जमीनी हकीकत को समझना चाहिए।
बागपत के बालेनी गांव में आयोजित ‘संकल्प सिद्धि आभार सभा’ को संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने कांग्रेस नेता प्रियांक खरगे पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की एथेनॉल नीति किसानों, विशेषकर गन्ना उत्पादकों के हित में है और इसका विरोध कर कांग्रेस गलत संदेश दे रही है।
चौधरी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे प्रियांक खरगे द्वारा इस नीति का विरोध करना अनुचित है।
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि एथेनॉल नीति से किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया पर इस मुद्दे पर संयमित और मर्यादित भाषा में प्रतिक्रिया देने की अपील की।
जयंत चौधरी ने कहा कि आज भारत सरकार चौधरी अजीत सिंह की सोच के अनुरूप काम कर रही है।
इससे पहले, उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सिंथेटिक रनिंग ट्रैक और कारगिल युद्ध स्मारक द्वार का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा ही विकास का आधार है और खेल युवाओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि सांसद निधि से बनने वाली यह सुविधा क्षेत्र के युवाओं को नए अवसर प्रदान करेगी।
इस कार्यक्रम में रालोद के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति के लिए चौधरी ने जनता का आभार व्यक्त किया, हालांकि कुछ खिलाड़ियों और लोगों को अव्यवस्थाओं के कारण असुविधा का सामना करना पड़ा।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत