दो ग्राहकों की हत्या करने के आरोप में ढाबा मालिक गिरफ्तार
दो ग्राहकों की हत्या करने के आरोप में ढाबा मालिक गिरफ्तार
गाजियाबाद (उप्र), एक फरवरी (भाषा) गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में एक ढाबे पर खाना परोसने में देर को लेकर हुए झगड़े के बाद दो ग्राहकों की हत्या और एक अन्य को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने होटल मालिक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त (ट्रांस-हिंडन) निमिष पाटिल ने बताया कि ढाबे के मालिक धर्मेंद्र (45) को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि मुकदमे में नामजद ढाबे के चार अन्य कर्मचारियों नागेश, विशेष, सूरज और राजन को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें बनाई गई हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना शुक्रवार देर रात हुई थी। श्रीपाल (23), सत्यम (26) और अनुराग (24) ढाबे पर गए और खाने का ऑर्डर दिया। खाना परोसने में देर होने पर उनमें से एक ने स्टाफ के एक सदस्य को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद तीनों होटल के पीछे की गली की ओर चले गए।
उन्होंने बताया कि ढाबे के मालिक धर्मेंद्र और उसके कर्मियों ने गुस्से में उनका पीछा किया और तीनों पर लाठियों और रसोईघर के चाकुओं से हमला किया जिससे श्रीपाल और सत्यम की मौके पर ही मौत हो गई और अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गया।
पाटिल ने बताया कि अनुराग को शुरू में लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया था और बाद में चोटों की गंभीरता के कारण दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान धर्मेंद्र ने अपराध में अपनी भूमिका कुबूल कर ली।
पाटिल ने कहा, ‘हत्या में शामिल अन्य आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’
भाषा सं. सलीम नोमान
नोमान

Facebook


