गोरखपुर में हर्ष फायरिंग में ‘डीजे ऑपरेटर’ की मौत

गोरखपुर में हर्ष फायरिंग में ‘डीजे ऑपरेटर’ की मौत

गोरखपुर में हर्ष फायरिंग में ‘डीजे ऑपरेटर’ की मौत
Modified Date: February 15, 2026 / 01:28 pm IST
Published Date: February 15, 2026 1:28 pm IST

गोरखपुर (उप्र), 15 फरवरी (भाषा) गोरखपुर जिले में कथित तौर पर हर्ष फायरिंग में एक ‘डीजे ऑपरेटर’ की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह घटना शनिवार शाम गगहा थाना इलाके में ‘गुरु कृपा मैरिज हॉल’ के निकट हुई।

पुलिस और चश्मदीदों के मुताबिक, गगहा के पांडेयपार निवासी हरि गोविंद गुप्ता के बेटे शुभ्रांश की बारात समारोह स्थल की ओर बढ़ रही थी तभी बारात में शामिल एक युवक ने कथित तौर पर पिस्तौल से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी।

चश्मदीदों के अनुसार तीन गोलियां चलाई गईं दो हवा में चलीं, जबकि तीसरी ‘डीजे ऑपरेटर’ छोटू (18) के सिर में लगी और वह मौके पर गिर पड़ा।

पुलिस के अनुसार छोटू को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद बारात में शामिल कई लोग वहां से चले गए, हालांकि शादी की रस्में बाद में पूरी कर ली गईं।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) दिनेश पुरी ने पुष्टि की कि छोटू की मौत हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से हुई।

उन्होंने बताया कि बारात में शामिल लोगों से पूछताछ की जा रही है और आरोपी की पहचान के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

भाषा सं आनन्द खारी

खारी


लेखक के बारे में