सानन समिति की सिफारिशों के अनुसार सरकारी भर्ती की पूरी प्रक्रिया को आउटसोर्स किया जाएगा: एचपीआरसीए
सानन समिति की सिफारिशों के अनुसार सरकारी भर्ती की पूरी प्रक्रिया को आउटसोर्स किया जाएगा: एचपीआरसीए
हमीरपुर (हिप्र), 22 दिसंबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) के मुख्य प्रशासक राज कृष्ण प्रुथी ने कहा है कि सेवानिवृत्त नौकरशाह दीपक सानन की अध्यक्षता वाली समिति की सिफारिशों के अनुसार सरकारी भर्ती की पूरी प्रक्रिया ‘आउटसोर्स’ की जाएगी।
राज्य सरकार ने हमीरपुर में हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग (एचपीएसएससी) के स्थान पर एक नई भर्ती संस्था की स्थापना की संभावना तलाशने और इसकी सिफारिश के लिए नौकरशाह दीपक सानन की अध्यक्षता में समिति गठित की थी।
प्रुथी ने कहा कि कार्य नियमावली तैयार होने के बाद शासन स्तर पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट की किन-किन सिफारिशों पर अमल किया जाएगा, इस बारे में सरकार के स्तर पर कुछ निर्णय लिये जाने बाकी हैं।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट (ओटीए) के 162 पदों पर भर्ती प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी।
मुख्य प्रशासक नियुक्त होने के बाद आयोग के अपने पहले दौरे के दौरान बृहस्पतिवार की शाम को डॉ. प्रुथी ने पत्रकारों से कहा कि निकट भविष्य में भर्तियां एक आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से की जाएंगी।
वह यहां भंग कर्मचारी चयन आयोग के कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक के सिलसिले में आये थे।
पेपर लीक का 23 दिसंबर, 2022 को खुलासा होने के दो महीने बाद फरवरी 2023 में एचपीएसएससी को भंग कर दिया गया था। उस वक्त सतर्कता अधिकारियों ने आयोग की वरिष्ठ सहायक उमा आज़ाद को हल किए गए प्रश्न पत्र और 2.5 लाख रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया था।
प्रुथी ने कहा कि आवेदन से लेकर परीक्षा तक प्रत्येक प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और आयोग के तहत पहली भर्ती पायलट आधार पर ऑनलाइन माध्यम से की जाएगी।
मुख्य प्रशासक ने शुक्रवार को आयोग कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक भी की।
इस बैठक में भर्ती परीक्षाओं के नतीजे घोषित करने को लेकर विशेष चर्चा हुई।
भाषा सुरेश पवनेश
पवनेश

Facebook


