उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में मामूली विवाद के बाद पिता ने की बेटी की हत्या
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में मामूली विवाद के बाद पिता ने की बेटी की हत्या
पीलीभीत (उप्र), 21 अगस्त (भाषा) पीलीभीत में शुक्रवार को एक पिता ने अपनी 20 वर्षीय बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक यह घटना के बीसलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामपुरा नौगवां गांव में हुई। आरोपी पिता अजय पाल गंगवार शराब के नशे में घर पहुंचा था। वहां किसी बात को लेकर बेटी अंशिका गंगवार से उसका विवाद हो गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी राहुल पांडे ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
बीसलपुर कोतवाली पुलिस के अनुसार विवाद बढ़ने पर गंगवार ने अवैध हथियार निकाला और अंशिका के सिर से सटाकर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी वहां से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भाषा सं जफर आशीष
आशीष

Facebook


