उप्र: सांसद सनातन पांडेय के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के आरोप में युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

उप्र: सांसद सनातन पांडेय के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के आरोप में युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

उप्र: सांसद सनातन पांडेय के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के आरोप में युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: September 12, 2026 / 06:17 pm IST
Published Date: September 12, 2026 6:17 pm IST

बलिया, 12 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के बलिया लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद सनातन पांडेय के खिलाफ ‘फेसबुक’ पर कथित रूप से अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के लिए एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

गड़वार के थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) हितेश कुमार ने बताया कि मामले में शुक्रवार रात मुकदमा दर्ज किया गया और मामले की जांच पुलिस की अपराध शाखा को सौंप दी गई है।

पुलिस के अनुसार, सांसद की तहरीर पर गड़वार थाने में आशु तिवारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 356(1), 353 और 352 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्राथमिकी के अनुसार, सांसद ने श्री राम मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति को लेकर एक सार्वजनिक बयान दिया था, जिसपर आशु तिवारी ने ‘फेसबुक’ पर सांसद के खिलाफ कथित रूप से अमर्यादित, आपत्तिजनक और अशोभनीय निजी टिप्पणी की तथा उसे प्रसारित किया।

प्राथमिकी में आरोप लगाया गया कि टिप्पणी के प्रसार से सांसद की छवि धूमिल हुई और उनके पद की गरिमा को ठेस पहुंची।

प्राथमिकी के मुताबिक, इस तरह की टिप्पणी से सामाजिक माहौल प्रभावित होने की आशंका है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में