आरएसएस कार्यकर्ता पर गोली चलाने के आरोप में चार लोगों पर मुकदमा दर्ज, एक आरोपी गिरफ्तार
आरएसएस कार्यकर्ता पर गोली चलाने के आरोप में चार लोगों पर मुकदमा दर्ज, एक आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर (उप्र), चार फरवरी (भाषा) गोरखपुर जिले के गगहा क्षेत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक कार्यकर्ता को गोली मारकर घायल कर देने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मंगलवार रात लीलावती सिंह स्मारक इंटर कॉलेज के प्रबंधक और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता राधामोहन सिंह रखत गांव में एक स्वयंसेवक के घर पर आयोजित बैठक में शामिल होने के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे कि उसी दौरान रास्ते में कैथवलिया गांव में अनुज साहनी और अभिषेक पासवान ने उन्हें रोककर उन पर गोली चलायी।
उन्होंने बताया कि जब सिंह ने बचने की कोशिश की तो पहले से ही घात लगाकर बैठे दो अन्य व्यक्तियों– ओमनीश यादव और ऋषिकेश यादव ने भी गोलियां चलायीं जिससे पीठ पर गोली लगने से वह (सिंह) गम्भीर रूप से घायल हो गये।
सूत्रों के मुताबिक घायल होने के बावजूद सिंह भागने में कामयाब रहे और कैथवलिया गांव में एक स्थानीय निवासी के घर पहुंचे और शोर मचाया। ग्रामीणों को इकट्ठा होते देख हमलावरों ने कथित तौर पर उन्हें धमकी दी और मौके से भाग गए।
सूत्रों ने बताया कि मामले के आरोपी ऋषिकेश यादव को बुधवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि बड़ी साजिश का संदेह होने पर पुलिस ने समाजवादी पार्टी के एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
उन्होंने बताया कि इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
भाषा सं. सलीम राजकुमार
राजकुमार

Facebook


