राज्यपाल ने छात्राओं के संग प्रधानमंत्री के ‘परीक्षा पर चर्चा 2026’ कार्यक्रम को देखा
राज्यपाल ने छात्राओं के संग प्रधानमंत्री के ‘परीक्षा पर चर्चा 2026’ कार्यक्रम को देखा
लखनऊ, छह फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को यहां स्थित के के वी गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘परीक्षा पर चर्चा-2026’ कार्यक्रम का प्रसारण देखा।
इस अवसर पर राज्यपाल ने विद्यालय की छात्राओं को अध्ययन एवं परीक्षा की तैयारी के लिये प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।
राज्यपाल ने छात्राओं से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम के माध्यम से दिए गए मार्गदर्शन एवं सुझावों को अपने जीवन में आत्मसात करने का भी आह्वान किया।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार आज ‘परीक्षा पर चर्चा’ के नौवें संस्करण में देश के विभिन्न हिस्सों से आये छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री ने परीक्षा के तनाव, आत्मविश्वास, लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन एवं संतुलित जीवन पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
छात्रों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए प्रधानमंत्री ने पढ़ाई को बोझ नहीं, बल्कि सीखने की यात्रा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों के लिए भी मार्गदर्शन साझा किया, ताकि वे बच्चों का सकारात्मक सहयोग कर सकें ।
प्रधानमंत्री ने कहा कि गेमिंग एक कौशल है और यह व्यक्तित्व विकास में सहायक हो सकता है, लेकिन इसे केवल मनोरंजन के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
उन्होंने छात्रों को केवल गेम खेलने के बजाय गेम निर्माता बनने तथा भारतीय संस्कृति एवं कथाओं पर आधारित खेल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक गण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
भाषा जफर रंजन
रंजन

Facebook


