सरकार ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया और वित्तीय अनुशासन को मजबूत कियाः योगी आदित्यनाथ
सरकार ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया और वित्तीय अनुशासन को मजबूत कियाः योगी आदित्यनाथ
लखनऊ, 20 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि उनकी सरकार ने राजस्व नुकसान को कम किया, भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया और वित्तीय अनुशासन को मजबूत किया है।
वित्त वर्ष 2026-27 के बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यही कारण है कि आज उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नयी गति मिली है और प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हुआ है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में प्रदेश के प्रति धारणा में देश-विदेश में व्यापक बदलाव आया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘2017 में जब लघु एवं सीमांत किसानों की कर्जमाफी का निर्णय लिया गया था, तब भी सवाल उठे थे कि संसाधन कहां से आएंगे। सरकार ने किसी बैंक या वित्तीय संस्था से ऋण लिए बिना बजट संसाधनों से 86 लाख किसानों के एक लाख रुपये तक के कर्ज माफ किए, जो वित्तीय अनुशासन और संसाधनों के कुशल प्रबंधन का उदाहरण है।’’
उन्होंने कहा कि प्रदेश में रोजगार सृजन का सबसे बड़ा माध्यम एमएसएमई क्षेत्र है और सरकार ने इसे सशक्त बनाने के लिए व्यापक कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि आज देश में सर्वाधिक लगभग 96 लाख एमएसएमई इकाइयां उत्तर प्रदेश में हैं, जिनमें तीन करोड़ से अधिक लोग कार्यरत हैं और उन्हें रोजगार व स्वरोजगार मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि प्रत्येक एमएसएमई इकाई के लिए पंजीकरण की व्यवस्था की गई है और पंजीकृत इकाइयों को पांच लाख रुपये तक का सुरक्षा बीमा कवर राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा है।
भाषा आनन्द खारी
खारी

Facebook


