सहारनपुर में पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल के आम के बाग से सैकड़ों पेटी आम जब्त, जांच के आदेश

Ads

सहारनपुर में पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल के आम के बाग से सैकड़ों पेटी आम जब्त, जांच के आदेश

  •  
  • Publish Date - June 15, 2026 / 08:11 PM IST,
    Updated On - June 15, 2026 / 08:11 PM IST

सहारनपुर, 15 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के फरार पूर्व विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) और कथित खनन माफिया हाजी इकबाल के कुर्क किए गए आम के बाग से कथित तौर पर अवैध रूप से आम तोड़े जाने का मामला सामने आया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, मिर्जापुर थाना क्षेत्र स्थित बाग से आम से भरी सैकड़ों पेटियां बरामद कर जब्त कर ली गई हैं और मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।

बेहट के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मानवेंद्र सिंह ने बताया कि यह बाग उन संपत्तियों में शामिल है, जिन्हें हाजी इकबाल से जुड़ी कथित अवैध संपत्तियों के मामलों में सरकार ने कुर्क किया था।

उन्होंने कहा कि बाग को एक ठेकेदार के माध्यम से नीलाम किया गया था और उसे पट्टे (लीज) की निर्धारित राशि सरकारी खजाने में जमा करनी थी, लेकिन वह ऐसा करने में विफल रहा।

एसडीएम ने कहा, ‘‘सूचना मिली थी कि जब्त किए गए बाग से बिना अनुमति आम तोड़े जा रहे हैं। इसके बाद लेखपाल और पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया।’’

उन्होंने बताया कि टीम के पहुंचने पर बाग में आम से भरी सैकड़ों पेटियां मिलीं, जिन्हें लेखपाल ने जब्त कर लिया। हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही ठेकेदार और उसके मजदूर वहां से फरार हो गए।

मानवेंद्र सिंह ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘कुर्क बागों या संपत्तियों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।’’

अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पूर्व सदस्य हाजी इकबाल पिछले लगभग चार वर्षों से फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है।

उन्होंने कहा कि कथित अवैध संपत्ति से जुड़े मामलों में सरकार अब तक हाजी इकबाल से संबद्ध करोड़ों रुपये मूल्य की कई संपत्तियां जब्त कर चुकी है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत