गांवों में जाकर पेयजल योजनाओं की हकीकत परखेंगे जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह
गांवों में जाकर पेयजल योजनाओं की हकीकत परखेंगे जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह
लखनऊ, 29 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह नल से जल आपूर्ति योजनाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए स्वयं गांवों का दौरा करेंगे। एक आधिकारिक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई।
बयान के अनुसार, जल शक्ति मंत्री 15 से 25 जुलाई तक चलाए जाने वाले विशेष अभियान के तहत एक दर्जन से अधिक जिलों के गांवों का दौरा करेंगे।
दौरे के दौरान वह पेयजल आपूर्ति व्यवस्था और पानी की गुणवत्ता का निरीक्षण करेंगे तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव जानेंगे।
अभियान के दौरान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ रहेंगे और गांवों में रात्रि प्रवास करेंगे। इससे ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित करने और योजनाओं के वास्तविक क्रियान्वयन का निष्पक्ष आकलन करने में मदद मिलेगी।
ग्रामीण पेयजल आपूर्ति व्यवस्था के संचालन, रखरखाव और संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए गांवों में ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
जल शक्ति मंत्री 15 और 16 जुलाई को ललितपुर, झांसी और जालौन के गांवों में औचक निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह 18 और 19 जुलाई को सुल्तानपुर, जौनपुर, मिर्जापुर और सोनभद्र के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर पेयजल आपूर्ति योजनाओं की समीक्षा करेंगे। प्रत्येक स्थान पर वह ग्रामीणों से सीधे प्रतिक्रिया लेकर योजनाओं की प्रभावशीलता का आकलन करेंगे।
जल शक्ति मंत्री 24 जुलाई को मथुरा में संतों के साथ विशेष संवाद करेंगे और यमुना नदी की स्वच्छता तथा संरक्षण के संबंध में उनके सुझाव प्राप्त करेंगे।
यमुना नदी के तटवर्ती गांवों के लोगों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा, ताकि नदी संरक्षण के प्रति जनजागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा सके।
राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन मुख्यालय में सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी जिले से पेयजल आपूर्ति संबंधी शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंता की जवाबदेही तय करते हुए उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी मुख्य अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्राधिकार की प्रत्येक परियोजना की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करने तथा गुणवत्ता के उच्चतम मानक सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।
जल शक्ति मंत्री मंत्री ने सभी मुख्य अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों के गांवों में ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जलापूर्ति प्रणालियों का संचालन ग्राम समुदायों को सौंपा जाएगा और साथ ही ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।
भाषा
सलीम जितेंद्र रवि कांत

Facebook


