इबोला अलर्ट के बीच लखनऊ अस्पताल ने पृथक वार्ड बनाया

इबोला अलर्ट के बीच लखनऊ अस्पताल ने पृथक वार्ड बनाया

इबोला अलर्ट के बीच लखनऊ अस्पताल ने पृथक वार्ड बनाया
Modified Date: June 4, 2026 / 10:01 pm IST
Published Date: June 4, 2026 10:01 pm IST

लखनऊ, चार जून (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी में एक सरकारी अस्पताल ने इबोला अलर्ट के बाद एहतियात के तौर पर एक पृथक वार्ड तैयार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक राजीव दीक्षित ने कहा कि लोक बंधु श्री राज नारायण संयुक्त अस्पताल ने केंद्र के दिशानिर्देशों के अनुसार एक समर्पित पृथक सुविधा में पांच बिस्तर आरक्षित रखे हैं।

दीक्षित ने ‘पीटीआई-वीडियो’ को बताया,‘‘भारत सरकार द्वारा जारी किये गये निर्देशों और दिशानिर्देशों का पालन करते हुए, हमने अस्पताल में व्यवस्था की है। सुविधा को एक पृथक केंद्र के रूप में तैयार रखा गया है और पांच बिस्तर आरक्षित किए गए हैं, जिन्हें आवश्यकता के अनुसार बढ़ाया जा सकता है।’’

उन्होंने कहा कि अस्पताल या राज्य में अब तक इबोला का कोई पुष्ट मामला नहीं है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन एहतियाती कदम जरूरी हैं।

उन्होंने कहा,‘‘इबोला एक संक्रमण है जो रक्त के माध्यम से फैल सकता है और इसकी संचरण तीव्रता कोविड-19 जैसे कुछ अन्य वायरल संक्रमणों से अधिक हो सकती है। हालांकि, फिलहाल यहां ऐसा कोई मामला नहीं है।’’

दीक्षित ने कहा कि हाल में कांगो और दक्षिण अफ्रीका जैसे प्रभावित देशों की यात्रा करने वाले लोगों में बुखार, शरीर में दर्द या सिरदर्द जैसे लक्षण विकसित होंगे, उन्हें सरकारी प्रोटोकॉल के अनुसार अलग-थलग रखा जाएगा और तदनुसार परीक्षण किया जाएगा।

उन्होंने लोगों को मास्क के उपयोग और स्वच्छता प्रथाओं को बनाए रखने सहित निवारक उपायों का पालन करने की सलाह दी।

आलमबाग के एलडीए कॉलोनी क्षेत्र में स्थित लोक बंधु अस्पताल चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से निकटतम प्रमुख सरकारी अस्पतालों में से एक है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन की वेबसाइट के अनुसार, इबोला एक गंभीर और घातक बीमारी है जो मनुष्यों को प्रभावित करती है।

यह वायरस संक्रमित जंगली जानवरों जैसे फल चमगादड़, साही से मनुष्यों में फैलता है ।

भाषा किशोर जफर राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में