बागपत में अवैध संबंध के शक में युवक की हत्या, तीन लोग हिरासत में
बागपत में अवैध संबंध के शक में युवक की हत्या, तीन लोग हिरासत में
बागपत, दो मई (भाषा) बागपत जिले के एक गांव में कथित तौर पर अवैध संबंध के संदेह में 40 वर्षीय एक व्यक्ति की कुछ लोगों ने सिर पर ईंट से प्रहार कर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह कोतवाली क्षेत्र के मीतली गांव के जंगल में डोला निवासी सोनू (40) का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बताया कि उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और घटनास्थल से शराब व बीयर की बोतलें भी बरामद हुईं।
उसने बताया कि शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।
सोनू गांव में ‘स्ट्रीट फूड’ का ठेला लगाता था। उसके परिवार में पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं।
पुलिस ने परिजनों के हवाले से बताया कि शुक्रवार की रात करीब आठ बजे गांव के ही दो युवक उसे अपने साथ ले गए थे, जिसके बाद वह घर नहीं लौटा और उसका मोबाइल फोन भी बंद था।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में अवैध संबंध के विवाद को हत्या का कारण माना जा रहा है।
राय ने बताया कि पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, उन्होंने आरोपियों की पहचान जारी नहीं की है।
भाषा सं जफर वैभव खारी
खारी

Facebook


