बदमाश विक्की त्यागी का बेटा और उसका साथी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

बदमाश विक्की त्यागी का बेटा और उसका साथी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

बदमाश विक्की त्यागी का बेटा और उसका साथी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
Modified Date: March 2, 2026 / 05:21 pm IST
Published Date: March 2, 2026 5:21 pm IST

मुजफ्फरनगर (उप्र), दो मार्च (भाषा) कुख्यात अपराधी रहे विक्की त्यागी के बेटे और उसके साथी को सोमवार को जिले में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पास से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सिद्धार्थ मिश्रा ने यहां बताया कि पुलिस ने सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के सिंधावली अंडरपास के पास बिना नंबर प्लेट वाली एक कार को रोका तो उसमें सवार लोगों ने पुलिस पर गोलियां चलाते हुए भागने की कोशिश की।

उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हो गए जिनकी पहचान रक्षित त्यागी (28) और उसके साथी भोलू के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अधिकारी ने आगे कहा कि पुलिस ने चार पिस्तौल, दो देसी बंदूक, नौ कारतूस और आरोपी द्वारा इस्तेमाल की गई गाड़ी बरामद की है।

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि रक्षित त्यागी कथित तौर पर गैर-कानूनी हथियारों की तस्करी करता है और पुलिस को 10 से ज्यादा आपराधिक मामलों में उसकी तलाश थी।

मिश्रा ने बताया कि रक्षित हिस्ट्रीशीटर विक्की त्यागी का बेटा है जिसे वर्ष 2015 में अदालत के अंदर गोली मार दी गई थी।

भाषा सं सलीम

रंजन

रंजन


लेखक के बारे में