भदोही में ट्रेन के आगे आकर जान देने जा रहे बेटे को बचाने के प्रयास में मां की मौत, बेटा घायल

भदोही में ट्रेन के आगे आकर जान देने जा रहे बेटे को बचाने के प्रयास में मां की मौत, बेटा घायल

भदोही में ट्रेन के आगे आकर जान देने जा रहे बेटे को बचाने के प्रयास में मां की मौत, बेटा घायल
Modified Date: August 21, 2026 / 09:10 am IST
Published Date: August 21, 2026 9:10 am IST

भदोही (उप्र), 21 अगस्त (भाषा) भदोही में शराब के लिए पैसे न मिलने पर ट्रेन के आगे आकर जान देने जा रहे 20 वर्षीय बेटे को बचाने के प्रयास में उसकी मां की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई और बेटा घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह हादसा शहर कोतवाली क्षेत्र में इंदिरा मिल रेलवे क्रॉसिंग पर बृहस्पतिवार देर शाम हुआ।

उसने बताया कि महिला की पहचान शिव कुमारी (46) के रूप में हुई है।

उसने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और उसके घायल बेटे विशाल राजभर (20) को जिला अस्पताल से वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है।

चौरी थाना प्रभारी शैलेश कुमार राय ने बताया कि चकभुंइधर गांव की रहने वाली शिव कुमारी आशा कार्यकर्ता थी।

उन्होंने बताया कि शिव कुमारी अपनी बड़ी बेटी पुष्पा राजभर के मां बनने की सूचना मिलने पर उससे मिलने शहर के एक निजी नर्सिंग होम आई थी और उसके साथ उसका बेटा विशाल भी आया था।

पुलिस के अनुसार, नर्सिंग होम में ही विशाल ने अपनी मां से पैसे मांगे, जिसे लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया।

उसने बताया कि विशाल ने पहले से शराब पी रखी थी तथा वह अपनी मां से और पैसे मांग रहा था लेकिन शिव कुमारी ने जब पैसे देने से इनकार कर दिया तो विशाल ने कहा कि वह ट्रेन के आगे आकर जान दे देगा और यह कहकर वह नर्सिंग होम से तेजी से बाहर निकल गया।

पुलिस ने बताया कि शिव कुमारी अपने बेटे को रोकने के लिए उसके पीछे दौड़ी।

थाना प्रभारी ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि विशाल रेलवे पटरी पर आ रही ट्रेन के सामने खड़ा हो गया और तभी दौड़कर वहां पहुंची शिव कुमारी ने उसे धक्का देकर पटरी से हटा दिया, लेकिन वह खुद ट्रेन की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि विशाल इस घटना में घायल हो गया।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

भाषा सं आनन्द

सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में