मोदी का राज्यपाल-मुख्यमंत्री ने स्वागत किया,भाजपा अध्यक्ष ने योगी संग बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए
मोदी का राज्यपाल-मुख्यमंत्री ने स्वागत किया,भाजपा अध्यक्ष ने योगी संग बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए
लखनऊ, 28 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे, जहां बीएलडब्ल्यू हेलीपैड पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बीएलडब्ल्यू हेलीपैड पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई प्रमुख लोगों ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया।
वाराणसी पहुंचे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई प्रमुख नेताओं के साथ काशी स्थित बाबा विश्वनाथ धाम में विधिवत दर्शन-पूजन किया।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करके कहा, “अविनाशी काशी में बाबा श्री काशी विश्वनाथ जी के गर्भगृह में विधिवत दर्शन-पूजन कर महादेव का दिव्य आशीर्वाद प्राप्त किया। देवाधिदेव महादेव के चरणों में राष्ट्र की निरंतर प्रगति, जनकल्याण और प्रत्येक नागरिक की सुख-समृद्धि की मंगल कामना की। हर हर महादेव।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से लिखा, “भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ आज शिव नगरी काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। भगवान भोलेनाथ सभी भक्तों व प्रदेशवासियों का कल्याण करें, यही प्रार्थना है।”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, “अविनाशी नगरी काशी स्थित विश्वनाथ धाम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के साथ बाबा विश्वनाथ के ज्योतिर्लिंग का पूजन-अर्चन किया।”
चौधरी ने कहा, “इस दौरान मा. उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।”
उन्होंने कहा कि बाबा से यही प्रार्थना है कि वे चराचर जगत का कल्याण करें और राष्ट्र की उन्नति का मार्ग प्रशस्त करें, हर-हर महादेव।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज मंगलवार 28 अप्रैल से उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत उप्र के सभी प्रमुख नेता काशी पहुंचे हैं।
भाषा आनन्द
संतोष
संतोष
संतोष

Facebook


