मॉस्को में 20 फरवरी को होगा रामलीला का मंचन

मॉस्को में 20 फरवरी को होगा रामलीला का मंचन

मॉस्को में 20 फरवरी को होगा रामलीला का मंचन
Modified Date: February 15, 2026 / 08:31 pm IST
Published Date: February 15, 2026 8:31 pm IST

लखनऊ, 15 फरवरी (भाषा) राम मंदिर आंदोलन और अयोध्या में भव्य दीपोत्सव की सांस्कृतिक गूंज रूस तक पहुंचने वाली है। आगामी 20 फरवरी को रूस की राजधानी मॉस्को में एक वृहद रामलीला का मंचन किया जाएगा।

राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के अनुसार यह रामलीला रूस में भारतीय दूतावास और जवाहरलाल नेहरू सांस्कृतिक केंद्र (जेएनसीसी) के सहयोग से आयोजित की जा रही है।

बयान के मुताबिक, इस रामलीला में रूस के कलाकार रामायण महाकाव्य के प्रमुख किरदारों को निभाएंगे। इनमें रूसी अभिनेता एवगेनी श्री राम की भूमिका निभाएंगे, इसके अलावा डारिया सीता का, मूरत लक्ष्मण का और दिमित्री हनुमान का किरदार अदा करेंगे।

डॉक्टर रामेश्वर सिंह की अगुवाई वाली रूसी-भारतीय मैत्री संस्था ‘दिशा’ इस रामलीला कार्यक्रम की मुख्य आयोजक है।

सिंह ने कहा कि रामलीला सच्चाई, गरिमा और आदर्श आचरण का एक सार्वभौमिका संदेश देती है और इसने रूसी दर्शकों के बीच खासी दिलचस्पी पैदा की है।

उन्होंने कहा कि मॉस्को में यह रामलीला रूस में भारत के राजदूत विनय कुमार के सहयोग से आयोजित की जा रही है और यह अयोध्या की सांस्कृतिक पहल के बढ़ते वैश्विक प्रभाव को दिखाता है।

भारत-रूस के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान की अगर बात करें तो रूस में रामलीला की परंपरा 1960 के दशक से चली आ रही है। पूर्व में मशहूर रूसी कलाकार गेनादी मिखाइलोविच पेचनिकोव ने मॉस्को में रामलीला में अभिनय किया था।

आयोजकों का कहना है कि 20 फरवरी को मॉस्को में होने वाले रामलीला के मंचन के लिए शानदार स्टेज डिज़ाइन, पारंपरिक परिधान और संगीत तैयार किया जा रहा है। बड़ी संख्या में रूसी नागरिकों, भारतीय मूल के लोगों और कला तथा संस्कृति से जुड़ी हस्तियों के आने की उम्मीद है।

भाषा सलीम नोमान

नोमान


लेखक के बारे में