सहारनपुर: पानी से भरे गड्ढे में डूबने से छह साल के बच्चे की मौत

Ads

सहारनपुर: पानी से भरे गड्ढे में डूबने से छह साल के बच्चे की मौत

  •  
  • Publish Date - June 13, 2026 / 01:38 PM IST,
    Updated On - June 13, 2026 / 01:38 PM IST

सहारनपुर (उप्र), 13 जून (भाषा) सहारनपुर जिले में अकीका समारोह के दौरान कथित तौर पर पानी से भरे गड्ढे में गिरने से छह वर्षीय लड़के की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

यह घटना शुक्रवार शाम को नकुड़ पुलिस थाना क्षेत्र में खेड़ा अफगान रोड स्थित एक बगीचे में हुई। घटना के बाद उत्सव का माहौल मातम में बदल गया।

नकुड़ थाना प्रभारी (एसएचओ) सुरेश कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अंबेहटा कस्बे के गादान मोहल्ले का रहने वाला आफताब उर्फ भूरा अपने परिवार के साथ समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचा था।

समारोह के दौरान उसका बेटा मोहम्मद अफ्फान खेलते समय लापता हो गया, परिवार के सदस्यों और मेहमानों ने बच्चे की तलाश शुरू की।

उन्होंने बताया कि जब कुछ देर तक वह नहीं मिला तो बगीचे के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें अफ्फान अपने छोटे भाई के साथ आयोजन स्थल के पीछे उद्यान क्षेत्र की ओर जाता दिख रहा है।

उसके छोटे भाई ने परिवार को बताया कि अफ्फान पानी भरे गड्ढे में गिर गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने गड्ढे में खोजबीन की और काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला।

पुलिस ने बताया कि अफ्फान को पास के डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि आगे की कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।

अकीक़ा एक पारंपरिक इस्लामी समारोह है जो बच्चे के जन्म के बाद आयोजित किया जाता है।

भाषा सं जफर शोभना

शोभना