सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन

सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन

सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन
Modified Date: May 13, 2026 / 08:56 am IST
Published Date: May 13, 2026 8:56 am IST

लखनऊ, 13 मई (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का बुधवार को यहां निधन हो गया। वह लगभग 38 वर्ष के थे।

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक प्रतीक को तबीयत खराब होने पर सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उनके मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

सूत्रों के अनुसार प्रतीक को कुछ समय पहले बीमार होने पर यहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वह कुछ दिनों में तबीयत ठीक होने पर घर लौट आए थे।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति थे।

सेहत के प्रति बेहद जागरुक रहने वाले प्रतीक बेहद प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से होने के बावजूद सियासत से दूर रहते थे। हालांकि प्रतीक की पत्नी अपर्णा बिष्ट यादव भाजपा में शामिल हो गई थीं और वर्तमान में वह राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।

इसी साल जनवरी में दोनों के तलाक की भी चर्चाएं काफी सरगर्म थीं, मगर कुछ समय बाद दोनों के बीच सब कुछ ठीक होने की खबरें आई थीं।

भाषा सलीम शोभना

शोभना


लेखक के बारे में