हरदोई में राशन दुकान निरीक्षण के दौरान एसडीएम पर हमला

हरदोई में राशन दुकान निरीक्षण के दौरान एसडीएम पर हमला

हरदोई में राशन दुकान निरीक्षण के दौरान एसडीएम पर हमला
Modified Date: June 9, 2026 / 01:12 am IST
Published Date: June 9, 2026 1:12 am IST

हरदोई, आठ जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के शाहाबाद थाना क्षेत्र के परियल गांव में सोमवार शाम राशन दुकान का निरीक्षण करने गए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

हमले में एसडीएम के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि सरकारी वाहन पर भी लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया गया। घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, एसडीएम शाहाबाद सुशील कुमार मिश्र सोमवार शाम परियल के पास बाढ़ चौकी का निरीक्षण कर लौट रहे थे। वापसी के दौरान उन्होंने गांव की अन्नपूर्णा राशन दुकान का औचक निरीक्षण किया। जांच में एक दुकान में राशन और दूसरी में अवैध रूप से परचून की दुकान संचालित पाए जाने पर उन्होंने आपत्ति जताई। इस पर वहां मौजूद उदयवीर नामक व्यक्ति ने कथित रूप से अभद्रता की।

अधिकारियों और कर्मियों द्वारा उदयवीर को हिरासत में लेने की कोशिश के दौरान उसने फोन कर ग्रामीणों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद जैसे ही सरकारी वाहन गांव से बाहर निकलने लगा, लाठी-डंडों और पत्थरों से लैस भीड़ ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। इस दौरान एसडीएम के सिर में चोट लग गई।

घायल एसडीएम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शाहाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अब स्थिर है।

जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत


लेखक के बारे में