वरिष्ठ सपा नेता राजेंद्र चौधरी को दिल का दौरा पड़ा, अस्पताल में किये गये भर्ती, अखिलेश देखने पहुंचे
वरिष्ठ सपा नेता राजेंद्र चौधरी को दिल का दौरा पड़ा, अस्पताल में किये गये भर्ती, अखिलेश देखने पहुंचे
लखनऊ, तीन जुलाई (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी को शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ा जिसके बाद उन्हें यहां सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
चौधरी दिवंगत मुलायम सिंह यादव के दिनों से पार्टी के प्रमुख चेहरों में से एक रहे हैं।
चौधरी की हालत की जानकारी मिलते ही सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अस्पताल पहुंचे ।
यादव ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘डाक्टरों का एक दल उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रहा है। उनका इलाज चल रहा है।’’
जब यादव से पूछा गया कि क्या उन्हें किसी अन्य बड़े अस्पताल ले जाने पर विचार हो रहा है , तो उन्होंने कहा कि अभी उन्हें कही और ले जाने की बात नहीं है, डाक्टर की रिपोर्ट के बाद ही कुछ विचार होगा ।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आने वाले पूर्व मंत्री चौधरी को देखने के लिए पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी अस्पताल गए।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने चौधरी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के लिए सिविल अस्पताल का दौरा किया। पाठक के पास राज्य के स्वास्थ्य विभाग का प्रभार है।
पाठक ने पत्रकारों से कहा, ‘‘उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया। उनकी हालत स्थिर की जा रही है और वरिष्ठ डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के हृदय रोग विशेषज्ञों से परामर्श लिया गया है और संस्थान के विशेषज्ञ डॉक्टरों को उपचार की निगरानी के लिए सिविल अस्पताल में बुलाया गया है।
पाठक ने कहा कि जब चौधरी की हालत स्थानांतरण के लायक स्थिर हो जाएगी तो उन्हें विशेष उपचार के लिए लोहिया संस्थान में स्थानांतरित किया जा सकता है।
भाषा जफर राजकुमार
राजकुमार

Facebook


