अप्रैल से शिक्षामित्रों को 18 हजार और अनुदेशकों को 17 हजार रुपये मानदेय मिलेगा : मुख्यमंत्री योगी
अप्रैल से शिक्षामित्रों को 18 हजार और अनुदेशकों को 17 हजार रुपये मानदेय मिलेगा : मुख्यमंत्री योगी
लखनऊ, 20 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को विधानसभा में बजट 2026-27 पर चर्चा के दौरान कहा कि अप्रैल से शिक्षामित्रों को 18,000 रुपये और अनुदेशकों को 17,000 रुपये मानदेय मिलेगा।
इससे पहले, शिक्षामित्रों को 3,000 रुपये मानदेय मिलता था, जिसे बढ़ाकर 10,000 रुपये किया गया था और अब इस मानदेय में एक बार फिर वृद्धि की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा, “सरकार का उद्देश्य केवल विद्यालयों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता, तकनीकी शिक्षा, शोध और कौशल आधारित शिक्षा के माध्यम से उत्तर प्रदेश को ज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है।”
योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में किए गए सुधारों का उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि सरकार ने प्रदेश में शिक्षा के आधारभूत ढांचे, डिजिटल सशक्तिकरण, शिक्षक कल्याण और छात्र सुविधाओं को प्राथमिकता दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके अलावा, शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि जिन विकास खंडों में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय नहीं हैं, वहां इन विद्यालयों की स्थापना के लिए 580 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह विशेष रूप से गरीब, पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग की बालिकाओं के लिए होगा, साथ ही कंपोजिट विद्यालयों के लिए भी पर्याप्त धनराशि की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने बेसिक शिक्षा के बुनियादी ढांचे में सुधार की जानकारी देते हुए कहा कि पूर्व की तुलना में अब गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि बच्चों के स्कूल छोड़ने की दर में कमी आई है और कंपोजिट विद्यालयों के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है।
योगी ने कहा कि डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी और मिशन निपुण जैसे कार्यक्रम शुरू किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने माध्यमिक शिक्षा में भी सुधारों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा, “प्रोजेक्ट अलंकार’ के तहत बुनियादी ढांचे और खेल सुविधाओं को सुदृढ़ किया गया है। इसके साथ ही, बालिकाओं के लिए 300 करोड़ रुपये से सेनेटरी नैपकिन की व्यवस्था की जाएगी।”
योगी ने कहा कि इसके अलावा, सरकार ने विभिन्न मंडलों में नए विश्वविद्यालयों की स्थापना की है, जिनमें सहारनपुर, अलीगढ़, आजमगढ़, मिर्जापुर, देवीपाटन और मुरादाबाद मंडल शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि निजी विश्वविद्यालयों के लिए पारदर्शी नीति लागू की गई है और नियमों के उल्लंघन पर दो विश्वविद्यालयों की मान्यता भी निरस्त की गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रेटर नोएडा में ‘वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी’ के परिसर की स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है।
इसके अतिरिक्त, सरकार ने विश्वविद्यालयों में शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक विश्वविद्यालय के लिए पृथक धनराशि का भी प्रावधान किया है।
भाषा आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


