गोरखपुर के चिलुआताल में किशोर का शव मिला, छात्रा के परिवार को हिरासत में लिया गया

गोरखपुर के चिलुआताल में किशोर का शव मिला, छात्रा के परिवार को हिरासत में लिया गया

गोरखपुर के चिलुआताल में किशोर का शव मिला, छात्रा के परिवार को हिरासत में लिया गया
Modified Date: September 29, 2026 / 03:59 pm IST
Published Date: September 29, 2026 3:59 pm IST

गोरखपुर, 29 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में पांच दिन से लापता किशोर का शव चिलुआताल थाना क्षेत्र के एक ताल से बरामद किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि मृतक किशोर की पहचान मोहम्मदपुर टोला परसौना निवासी प्रिंस (15) के तौर पर हुई है।

उन्होंने बताया कि प्रिंस 23 सितंबर को बेतियाहाता स्थित एक कोचिंग संस्थान के लिए निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा।

अधिकारी के अनुसार, काफी देर तक खोजबीन करने के बाद भी प्रिंस का पता नहीं चलने पर परिवार ने उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।

उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन बंद होने से पहले प्रिंस के पीपीगंज इलाके में होने की जानकारी मिली थी। जांच के दौरान कई जगहों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए।

अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों ने ताल में प्रिंस का क्षत-विक्षत शव तैरता हुआ देख पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि परिवार वालों ने कपड़ों से मृतक की पहचान की, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

अधिकारी के मुताबिक, प्रिंस के पिता ने आरोप लगाया कि उनका बेटा 11वीं कक्षा की एक छात्रा के साथ रिश्ते में था, जिसके चलते उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि प्रिंस पढ़ाई में बहुत अच्छा था और उसने 10वीं कक्षा की परीक्षा में अपने स्कूल में शीर्ष स्थान हासिल किया था।

अधिकारी के अनुसार, पुलिस ने प्रिंस के पिता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए संबंधित छात्रा, उसके माता-पिता और भाई को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

चिलुआताल थाना प्रभारी सूरज सिंह ने कहा कि मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है, लेकिन मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। उन्होंने कहा कि सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भाषा

सं आनन्द पारुल

पारुल


लेखक के बारे में