नाले में गिरकर मर गये एक व्यक्ति का शव काफी मशक्कत के बाद निकाला गया
नाले में गिरकर मर गये एक व्यक्ति का शव काफी मशक्कत के बाद निकाला गया
बरेली (उप्र), 26 मार्च (भाषा) बरेली में सैटेलाइट बस स्टैंड पर एक खुले नाले में गिर गये 30 वर्षीय व्यक्ति का शव भारी मशीनों और कई एजेंसियों की मदद से लगभग 30 घंटे के बचाव अभियान के बाद बृहस्पतिवार सुबह निकाला गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान हरदोई जिले के रहने वाले तौहीद के रूप में हुई।
अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार रात करीब साढ़े नो बजे हरदोई के शाहाबाद के मोहतरा कटरा का तौहीद बस पकड़ने बस स्टैंड पर पहुंचा था जहां वह फिसलकर खुले नाले में गिर गया।
उन्होंने बताया कि आसपास के लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण वह कुछ ही सेकंडों में ही बह गया।
अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचीं और करीब आधीरात में बचाव अभियान शुरू किया गया।
उन्होंने बताया कि जेसीबी मशीनों की मदद से नाला साफ करने का प्रयास किया गया लेकिन भारी कचरा जमा होने और पानी के तेज बहाव के कारण बचाव कार्य बाधित हुआ।
अधिकारियों के अनुसार बुधवार को राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम भी बचाव अभियान में उतरीं तथा नाले से पानी बाहर निकाला गया और मलबा साफ किया गया, लेकिन देर रात तक शव का पता नहीं चल सका।
उन्होंने बताया कि भारी मशीनों की मदद से नाले की गहरी सफाई के बाद आखिरकार बृहस्पतिवार सुबह करीब तीन बजे शव बरामद किया गया।
बारादरी के थाना प्रभारी ऑफिसर धनंजय कुमार पांडे ने कहा कि मृतक की पहचान उसकी जेब से मिले आधार कार्ड से हुई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उसके परिवार के सदस्यों को सूचित कर दिया है।
पांडे के अनुसार तौहीद किसी काम से बरेली आया था।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि घटना के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और नगर निगम की टीम ने तत्काल तलाशी अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
उन्होंने कहा, ‘‘भारी कचरे और पानी के तेज बहाव ने बचाव प्रयासों में महत्वपूर्ण चुनौतियां पेश कीं। स्लैब को हटाकर और नाले को साफ करके लगातार प्रयास किए गए, जिससे शव बरामद हो सका।’
भाषा सं जफर राजकुमार
राजकुमार

Facebook


