कन्‍नौज में बदमाशों ने इत्र व्‍यवसायी के घर में घुसकर नकदी, जेवर समेत 50 लाख की डकैती की

कन्‍नौज में बदमाशों ने इत्र व्‍यवसायी के घर में घुसकर नकदी, जेवर समेत 50 लाख की डकैती की

कन्‍नौज में बदमाशों ने इत्र व्‍यवसायी के घर में घुसकर नकदी, जेवर समेत 50 लाख की डकैती की
Modified Date: June 29, 2023 / 09:54 pm IST
Published Date: June 29, 2023 9:54 pm IST

कन्नौज (उप्र) 29 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की देर रात दस बदमाशों ने खिड़की तोड़ कर इत्र व्यवसायी के परिवार को बंधक बनाकर एक लाइसेंसी रिवाल्वर, नकदी जेवर सहित 50 लाख रुपये की डकैती की। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक अरविन्द कुमार ने बताया कि इत्र व्यवसायी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। उन्‍होंने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।

घटना के संदर्भ में सदर कोतवाली क्षेत्र के मकरन्द नगर क्षेत्र में काली मंदिर के करीब निवास करने वाले इत्र व्यवसायी विमलेश तिवारी ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी बच्चों सहित बुधवार की रात घर पर सो रहे थे, तभी रात एक बजे दस बदमाश किचन की खिड़की तोड़कर घर में घुस गये।

तिवारी ने बताया कि आहट होने पर जब वह कमरे के बाहर आये तो बदमाशों ने उनको पकड़ कर तमंचा लगाकर जान से मारने की धमकी दी और उसके बाद परिवार की महिला और बच्‍चों को भी बंधक बनाकर कमरे में बंद कर दिया।

डकैतों ने घर के सदस्यों के पहने जेवर धमका कर उतरवा लिया और फिर तिजोरी व अलमारी खोलकर जेवर, नकदी पर भी जमकर हाथ साफ किया।

तिवारी ने कोतवाली में जेवर एवं लाइसेंसी रिवाल्वर तथा नकदी समेत कुल 50 लाख रुपये कीमत के सामान बदमाशों द्वारा ले जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई है।

एएसपी डॉ अरविंद कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर डॉ प्रियंका बाजपेई ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसी टीवी कैमरे में मुंह में कपडा बांधे दस बदमाश घुसते नजर आ रहे हैं। फोरेंसिक टीम और डॉग स्कॉड भी मौके पर भेजा गया।

कन्नौज के स्थानीय भाजपा सांसद सुब्रत पाठक तिवारी के घर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।उन्होने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मोबाइल पर वार्ता की।

कानपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक प्रशान्त कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर इत्र व्यवसायी से घटना की जानकारी ली।

भाषा सं आनन्द रंजन

रंजन


लेखक के बारे में