उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश से गर्मी से राहत, कई जिलों में बारिश

उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश से गर्मी से राहत, कई जिलों में बारिश

उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश से गर्मी से राहत,  कई जिलों में बारिश
Modified Date: April 29, 2026 / 10:30 pm IST
Published Date: April 29, 2026 10:30 pm IST

लखनऊ, 29 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश में पिछले करीब एक पखवाड़े से भीषण गर्मी से त्रस्त अधिकतर इलाकों में बुधवार को आंधी और बारिश के कारण लोगों को कुछ राहत मिली।

मौसम विभाग ने एक बयान में बताया कि बुधवार को राज्य के कई हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और गर्मी से राहत महसूस की गई।

बयान के अनुसार सबसे अधिक 19.2 मिलीमीटर बारिश गोरखपुर में दर्ज की गई। इसके अलावा प्रयागराज में 11.2 मिलीमीटर, वाराणसी में नौ मिलीमीटर, अमेठी जिले के फुरसतगंज में पांच मिलीमीटर तथा आजमगढ़ में 4.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

इसके अतिरिक्त बलिया, चुर्क (सोनभद्र), सुलतानपुर और अलीगढ़ में भी हल्की बारिश हुई। राजधानी लखनऊ में 0.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान बांदा 45.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। प्रयागराज में 43.4 डिग्री और उरई में 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 24 घंटों के दौरान लखनऊ में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः लगभग 34 और 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

साथ ही राज्य के कुछ हिस्सों में बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया गया है।

भाषा

सलीम रवि कांत


लेखक के बारे में