उप्र : सेना के जवान की हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

उप्र : सेना के जवान की हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

उप्र : सेना के जवान की हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: February 7, 2026 / 10:02 pm IST
Published Date: February 7, 2026 10:02 pm IST

हाथरस (उप्र), सात फरवरी (भाषा) हाथरस जिले के सादाबाद कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-93 पर सेना के एक जवान की हत्या के मामले में शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

जवान ने आरोपियों के परिवार की एक महिला से कथित तौर पर प्रेम विवाह किया था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी बॉबी और राजा सादाबाद पुलिस थाना क्षेत्र के समदपुर गांव के निवासी हैं। उन्हें कुरसंदा मोड़ पर गोरी गोपाल ढाबा के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि उनके पास से दो देसी पिस्तौल, कारतूस, खोखे और अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई एक कार बरामद की गई है।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पुरानी रंजिश की वजह से हत्या को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपियों के हवाले से बताया कि जवान ने उनके परिवार की एक महिला से प्रेम विवाह कर लिया था, जिसके कारण उन्हें सामाजिक अपमान और नाराजगी का सामना करना पड़ा, और इसी वजह से उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

अधिकारियों ने बताया कि हत्या की घटना को बृहस्पतिवार को उस समय अंजाम दिया गया जब आगरा स्थित सेना की कार्यशाला में चालक पद पर तैनात अखिलेश चौधरी (28) हाथरस में अदालत की सुनवाई में शामिल होने के बाद आगरा लौट रहा था।

उन्होंने बताया कि अलीगढ़-आगरा रोड पर एक कोल्ड स्टोरेज के पास हमलावरों ने जवान को निशाना बनाया। हमलावर कार और मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे और जवान की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित की बहन डॉली कुमारी की शिकायत पर सादाबाद पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। तहरीर में डॉली ने बताया कि उसका भाई हाथरस अदालत से एक दोस्त की कार में लौट रहा था, तभी चंद्र फार्म हाउस के पास हमला हुआ।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि मामले को सुलझाने के लिए पांच पुलिस टीम गठित की गई थीं। उन्होंने कहा, ‘‘दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना में संलिप्त अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।’’

भाषा सं जफर

धीरज

धीरज


लेखक के बारे में