हापुड़ में पुलिस मुठभेड़ के बाद दो मवेशी तस्कर गिरफ्तार
हापुड़ में पुलिस मुठभेड़ के बाद दो मवेशी तस्कर गिरफ्तार
हापुड़ (उप्र), आठ सितंबर (भाषा) हापुड़ जिले की पुलिस ने दो संदिग्ध मवेशी तस्करों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया जिनमें से एक गोली लगने से घायल हो गया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि मुठभेड़ सोमवार देर रात उस समय हुई, जब पुलिस की एक टीम गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र में दौताई नहर पुल से झड़ीना की ओर जाने वाली सड़क पर वाहनों की जांच कर रही थी।
उन्होंने बताया कि संदिग्धों ने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों में से एक की पहचान बिलाल के रूप में हुई है जो मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने बिलाल और उसके साथी जहीर को गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों के अनुसार, उनके पास से अवैध हथियार, कारतूस और पशु वध में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने खिलवाई और अल्लाहबक्शपुर के जंगलों में मवेशियों के वध की दो घटनाओं में कथित तौर पर अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
गढ़मुक्तेश्वर थाना प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि बिलाल और जहीर के खिलाफ हापुड़ और अमरोहा जिलों में करीब 24 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
भाषा सं जफर वैभव खारी
खारी

Facebook


