ट्रक में भिड़ी एम्बुलेंस : दो लोगों की मौत, चार घायल

ट्रक में भिड़ी एम्बुलेंस : दो लोगों की मौत, चार घायल

ट्रक में भिड़ी एम्बुलेंस : दो लोगों की मौत, चार घायल
Modified Date: July 24, 2023 / 12:29 am IST
Published Date: July 24, 2023 12:29 am IST

सुलतानपुर (उप्र), 23 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में रविवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक एम्बुलेंस के खड़े ट्रक से टकराने से एक मरीज समेत दो लोगों की मौत हो गई है तथा चार लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि मऊ जिले के पवई थाना क्षेत्र में स्थित भीमपुर की निवासी शिवांगी (20) का आंबेडकरनगर के टांडा पीजीआई में इलाज चल रहा था। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि रविवार को मरीज युवती के पिता शिवपूजन, मां फूला देवी तथा रिश्तेदार रेखा देवी उसे एंबुलेंस से लखनऊ ले जा रहे थे कि इसी दौरान जयसिंहपुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस पर बरदहिया चौराहे के पास एंबुलेंस सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से जा टकराई।

सूत्रों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे यूपीडा के कर्मचारियों ने राहत बचाव कार्य करते हुए घायलों को एंबुलेंस से बिरसिंहपुर अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने शिवांगी को मृत घोषित कर दिया। चालक समेत पांच लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान रेखा देवी (55) की भी मौत हो गई। चालक, एंबुलेंस सहायक और शिवांगी के माता-पिता की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को भी कब्जे में ले लिया है।

भाषा सं सलीम देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में