सीतापुर में परिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो लोगों की मौत व एक अन्य गंभीर रूप से घायल
सीतापुर में परिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो लोगों की मौत व एक अन्य गंभीर रूप से घायल
सीतापुर (उप्र), 18 फरवरी (भाषा) सीतापुर जिले के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के ठाकुरपुरवा गांव में बुधवार देर रात एक संयुक्त परिवार में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी श्यामू (37) ने कथित तौर पर अपने बड़े भाई हरीश (40), छोटे भाई रामू और हरीश की पत्नी पूनम पर धारदार हथियार से हमला किया।
अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह ने बताया कि रात के खाने के दौरान मामूली विवाद के बाद श्यामू गुस्से में आया और अपने भाइयों पर हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि जब पूनम बीचबचाव करने आईं, तो उस पर भी हमला हुआ।
सिंह ने कहा, ‘‘तीनों को गंभीर चोटें आईं। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नैमिषारण्य ले जाया गया, जहां पूनम को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि हरीश ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर हालत में रामू को जिला अस्पताल रेफर किया गया।’’
परिजनों का आरोप है कि श्यामू ने अचानक गुस्से में आकर हमला किया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर लिया है।
सिंह ने बताया कि घटना के बाद आरोपी श्यामू फरार हो गया है और उसे पकड़ने के लिए पुलिस की टीम गठित की गई है।
भाषा सं जफर खारी
खारी

Facebook


