उप्र: गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद लगी आग, चार वर्षीय बच्चे की मौत
उप्र: गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद लगी आग, चार वर्षीय बच्चे की मौत
बागपत, पांच जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण लगी आग की घटना में चार वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई जबकि उसे बचाने के प्रयास में परिवार के चार अन्य सदस्य झुलस गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के पठानकोट मोहल्ले में बुधवार देर रात घर में चाय बनाते समय गैस सिलेंडर में कथित रूप से रिसाव होने से आग लग गई।
पुलिस ने बताया कि आग ने जल्द ही पास में रखे छोटे सिलेंडर को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई।
बच्चे के परिजनों ने बताया कि आग लगने पर परिवार के सदस्य घर से बाहर निकल गए लेकिन बाद में पता चला कि चार वर्षीय जैद घर के अंदर ही रह गया।
उन्होंने बताया कि आग और धुएं से घबराकर वह चारपाई के नीचे छिप गया था।
परिजनों के मुताबिक, बच्चे को बचाने के प्रयास में उसके दादा कय्यूम, दादी संजीदा, चाचा वसीम और 10 वर्षीय बड़े भाई हुसैद झुलस गए।
पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से झुलसे जैद को उपचार के लिए दिल्ली के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
बड़ौत के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंशुल जैन ने बताया कि घटना के सबंध में पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है।
उन्होंने बताया कि परिजनों ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


