उप्र: कुमार विश्वास, ‘आप’ नेताओं से जुड़े मुकदमे की सुनवाई टली

उप्र: कुमार विश्वास, ‘आप’ नेताओं से जुड़े मुकदमे की सुनवाई टली

उप्र: कुमार विश्वास, ‘आप’ नेताओं से जुड़े मुकदमे की सुनवाई टली
Modified Date: May 15, 2026 / 07:34 pm IST
Published Date: May 15, 2026 7:34 pm IST

सुलतानपुर, 15 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर की एक विशेष अदालत में आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व नेता कुमार विश्वास, पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन और विधायक सोमनाथ भारती से जुड़े एक मामले की सुनवाई शुक्रवार को टल गई।

सांसद/विधायक अदालत में तकनीकी और प्रक्रियात्मक कारणों से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी, जिसके बाद मामले की अगली सुनवाई पांच जून के लिए तय कर दी गयी।

मामले की पिछली सुनवाई एक मई को हुई थी और अदालत ने सभी के खिलाफ समन जारी कर उन्हें 15 मई को पेश होने को कहा था।

यह मामला साल 2014 के लोकसभा चुनाव से संबंधित है और उस दौरान अमेठी थाने में इन नेताओं के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने जांच पूरी कर आरोप पत्र दाखिल किया था।

अधिवक्ता मदन प्रताप सिंह ने बताया कि अदालत ने तीनों नेताओं को समन जारी कर तलब किया था लेकिन अभी तक यह पता नहीं चला है कि आरोपियों को समन की तामील हो चुकी है या नहीं।

वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में ‘आप’ ने अमेठी संसदीय क्षेत्र से राहुल गांधी के खिलाफ कुमार विश्वास को उम्मीदवार बनाया था।

चुनाव प्रचार के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन और बिना अनुमति के जनसभा व प्रदर्शन करने के आरोपों में पुलिस ने कुमार विश्वास, सत्येंद्र जैन और सोमनाथ भारती समेत अन्य नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

भाषा सं जफर जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में