उप्र: कुशीनगर में व्यक्ति का शव बगीचे में पेड़ से लटका मिला
उप्र: कुशीनगर में व्यक्ति का शव बगीचे में पेड़ से लटका मिला
कुशीनगर, दो फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में सोमवार को 42 वर्षीय एक व्यक्ति का शव एक बगीचे में पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि जिस व्यक्ति का शव बरामद किया गया है, वह दुष्कर्म के एक मामले में जेल से सजा काटकर घर लौटा था।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना अहिरावली बाजार थानाक्षेत्र के पटनी गांव में हुई और मृतक की पहचान गांव के रहने वाले रविंद्र साहनी के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि साहनी जेल से लौटने के बाद अपनी पुश्तैनी जमीन बेचने की कोशिश कर रहा था, जिसकी वजह से उसकी पत्नी से अक्सर उसके झगड़े होते थे।
पुलिस के मुताबिक, रविवार को पति-पत्नी के बीच कथित तौर पर इसी बात पर फिर से झगड़ा हुआ, जिसके बाद साहनी घर से चला गया।
सोमवार सुबह गांव वालों ने गांव के बाहर एक बगीचे में पेड़ से उसका शव लटका देखा और शोर मचाया।
एक अधिकारी ने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया।
अहिरावली बाजार थाना प्रभारी प्रविंद्र कुमार राय ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह पता चलेगी।
उन्होंने बताया, “शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।”
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


