उप्र: मथुरा में अज्ञात वाहन की टक्कर से छात्रा की मौत
उप्र: मथुरा में अज्ञात वाहन की टक्कर से छात्रा की मौत
मथुरा, 22 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शनिवार को एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक निजी विश्वविद्यालय की छात्रा की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के कुदी गांव निवासी अंकिता तिवारी के रूप में हुई है।
वह जीएलए विश्वविद्यालय में बीबीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी।
पुलिस ने बताया कि अंकिता अपने भाई अंशुमान के साथ वृंदावन के ओमैक्स सिटी में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक, अंकिता का भाई भी जीएलए विश्वविद्यालय में अध्ययनरत है।
पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह अंकिता स्कूटी से विश्वविद्यालय के लिए निकली थी जबकि अंशुमान ऑटो से उसके पीछे आ रहा था।
पुलिस के मुताबिक, जैसे ही अंकिता जैंत थाना क्षेत्र के पास एक मोड़ पर पहुंची, तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित वाहन ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
पुलिस ने बताया कि सिर में गंभीर चोट लगने से अंकिता की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, हादसे में एक अन्य छात्र घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि अंशुमान ने अंकिता को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जैंत थाना प्रभारी सोनू सिंह ने बताया कि अंकिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


