उप्र : किशोरी के अपहरण का आरोपी गिरफ्तार
उप्र : किशोरी के अपहरण का आरोपी गिरफ्तार
सुलतानपुर (उप्र), 12 मार्च (भाषा) सुलतानपुर जिले के कुड़वार थाना क्षेत्र में एक किशोरी के अपहरण के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। यह मामला तीन मार्च को किशोरी के अपहरण से जुड़ा है।
कुड़वार थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी 14 वर्षीय किशोरी के पिता ने नौ मार्च को पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि तीन मार्च को जब घर पर कोई नहीं था, तब अमेठी जिले के दादरा मुसाफिरखाना निवासी सूरज सरोज उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया।
पिता की शिकायत में बताया गया कि आठ मार्च को आरोपी सूरज ने किशोरी के पिता को एक रिकॉर्डिंग भेजी, जिसमें उसने जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर किशोरी को बरामद कर लिया।
पुलिस ने आरोपी सूरज सरोज को कुड़वार कस्बे के गोमती पुल से गिरफ्तार किया।
थाना प्रभारी तरुण पटेल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं और यौन अपराधों से बाल संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा सं जफर शफीक
शफीक

Facebook


