चंदौली, 15 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश में चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में 20 वर्षीय युवती से उसके चचेरे भाई द्वारा कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित युवती की मां की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। महिला को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह ने शिकायत के हवाले से बताया कि दो दिन पहले महिला एक अस्पताल में काम पर गई थी, जबकि उसका पति काम की तलाश में बाहर गया हुआ था।
सीओ ने बताया कि शिकायत के अनुसार, महिला घर पर अकेली थी, तभी उसका 22 वर्षीय चचेरा भाई घर में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
अलीनगर थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला ने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपी से फिलहाल पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जरूरी चिकित्सीय परीक्षण और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत